महिलाओं के अधिकारों एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित राजस्थानी शॉर्ट वेब फिल्म “बंजर” का लाइव प्रदर्शन बुधवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने निर्माण दल के साथ देखा। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसडीएम बृजेश गुप्ता, आईसीडीएस से एएसओ ज्योति रावत आदि मौजूद रहे।

इस दौरान जिला कलक्टर ने सामाजिक जनचेतना की दिशा में किए गए इस रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनती हैं तथा महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
फिल्म के निर्देशक मनोज पोरवाड़ ने बताया कि “साउंड ऑफ लाइफ मल्टीमीडिया” प्रस्तुत इस राजस्थानी शॉर्ट वेब फिल्म का उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान एवं सामाजिक सोच को लेकर जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने बताया कि फिल्म में ग्रामीण परिवेश एवं सामाजिक परिस्थितियों को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
पोरवाड़ ने बताया कि फिल्म में मंजुला भटनागर, रमेश चंदेल, पंकज कुमारी, डॉ. जगदीश जीनगर, सूर्या पांचाल, फतेह सिंह राव, कुमार दिनेश एवं गुलाबी देवी ने अभिनय किया है। कहानी, पटकथा एवं निर्देशन का दायित्व मनोज पोरवाड़ ने निभाया है, जबकि कला निर्देशन एवं वेशभूषा महेंद्र कुमावत द्वारा किया गया है। सह निर्देशन कुमार दिनेश, मेकअप ममता टेलर, छायांकन शाहिद शाह तथा कैमरा टीम में दिनेश यादव एवं सुनील प्रजापत शामिल रहे।
फिल्म की एडिटिंग दिनेश यादव, बैकग्राउंड स्कोर चैतन्य भट्ट तथा डबिंग एवं साउंड डिजाइन का कार्य झलकप्रिया स्टूडियो द्वारा किया गया है। फिल्म के क्रिएटिव हेड डॉ. जगदीश जीनगर, निर्माण कार्यकारी प्रेम शंकर भट्ट एवं निर्माण गीता देवी द्वारा किया गया। पोरवाड़ ने बताया कि फिल्म निर्माण में विश्वास गिरी गोस्वामी, भरत शर्मा, योगेश कुमावत, सुरेश भाट, रूपेश पालीवाल, धर्मेश बोलीवाल, संतोष अग्रवाल, काव्या मेघवाल, रतन लाल मौर्य एवं राजश्री शर्मा का सहयोग रहा।
