राजनगर थाना पुलिस ने एक ऐसी जगह पर दबिश दी है, जहां अपराधियों का एक ऐसा काला खेल चल रहा था जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। एक तरफ जहां भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ, वहीं घर के अंदर पकड़ी गई नकली घी की फैक्ट्री ने लोगों की सेहत पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव और राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में राजनगर थानाधिकारी ओंकार सिंह ने अपनी टीम के साथ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने राजनगर थाना क्षेत्र के डिप्टीखेड़ा गांव में कालूलाल गुर्जर के निवास पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मौके से 26 किलो 986 ग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद किया गया। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है, और इस मामले में अग्रिम अनुसंधान कुंवारिया थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित द्वारा किया जा रहा है।

लेकिन इस कार्रवाई का सबसे खतरनाक पहलू तब सामने आया जब पुलिस ने घर के अंदर की तलाशी ली। आरोपी कालूलाल गुर्जर अपने घर के भीतर ही प्रतिष्ठित ब्रांड्स जैसे सरस, नोवा और कृष्णा के नाम पर नकली देसी घी बनाने की एक अवैध फैक्ट्री चला रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड इंस्पेक्टर प्रेमचंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान वहां से भारी मात्रा में मिलावटी सामान और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई 351 किलो संदिग्ध और नकली देसी घी (सरस, नोवा और कृष्णा ब्रांड का, 88 किलो वनस्पति घी और 148 किलो सोयाबीन ऑयल। घी में असली जैसी खुशबू लाने वाले खतरनाक एसेंस (Essence)विभिन्न कंपनियों के नकली रैपर, सील, खाली टीन, प्रिंटेड कार्टून, गत्ते और पैकिंग मशीनें।

फूड इंस्पेक्टर की टीम ने सभी संदिग्ध उत्पादों के नमूने लेकर उन्हें FSL जांच के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
