राजसमंद जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देशानुसार बुधवार को उपखण्ड अधिकारी बृजेश गुप्ता ने शहर के छिपा मोहल्ला पहुंचकर पेयजल सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आमजन से रूबरू होकर जलापूर्ति की स्थिति का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने स्थानीय निवासी प्रकाश छीपा, श्रीमती कमला देवी सहित अन्य लोगों से बातचीत कर पेयजल सप्लाई की जानकारी ली। मौके पर जलापूर्ति व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

उपखण्ड अधिकारी ने क्षेत्रवासियों को जागरूक करते हुए कहा कि पेयजल लाइन में सीधे अवैध बूस्टर लगाने से अन्य उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है तथा इससे जल वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिकों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो, इसके लिए अवैध बूस्टर का उपयोग नहीं किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने संबंधित सहायक अभियंता को अवैध बूस्टर हटाने तथा नियमों के तहत संबंधित उपभोक्ताओं से पेनल्टी वसूलने के निर्देश भी प्रदान किए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पेयजल सप्लाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
