ब्रेकिंग

गाँव में हो रहा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान, विभिन्न योजनाओं का लाभ होगा सुनिश्चित :कलक्टर

491760

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिले में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 शुक्रवार को प्रारम्भ हुए। 

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने ग्राम पंचायत राज्यावास में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, विकास अधिकारी भवानी शंकर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कलक्टर ने शिविर में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के तहत हाथों-हाथ लाभान्वित किया।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक ग्रामीण की समस्या एवं परिवाद का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को सरकार की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन-प्रशासन की सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाना है, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह कितावत ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का नोडल विभाग राजस्व विभाग तथा सहायक नोडल विभाग पंचायती राज विभाग है। शिविरों में राजस्व विभाग सहित 22 विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। राजस्व विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण, नामांतरण, खातों का विभाजन, रास्ता एवं सीमाज्ञान संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, भूमि आवंटन तथा विभिन्न प्रमाण-पत्र जारी करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

शिविरों में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, वन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, आयोजना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, श्रम, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन, परिवहन, सहकारिता, शिक्षा, आयुर्वेद, सैनिक कल्याण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा भी विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित कार्यों का निस्तारण किया जा रहा है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पेंशन सत्यापन, पट्टा वितरण, आवास योजनाओं का लाभ, बैंक खाते खोलने, बीमा योजनाओं में पंजीयन, पेयजल एवं विद्युत संबंधी शिकायतों के समाधान सहित अनेक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को त्वरित राहत मिलने के साथ-साथ प्रशासन और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास भी सुदृढ़ हो रहा है।

जिला कलक्टर ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *