राजसमंद जिले की नाथद्वारा पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत देर रात की गई एक सटीक कार्रवाई में पुलिस ने 22 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की साढ़े चार किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर जैसलमेर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह सोलंकी की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। देर रात पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गुंजोल बस स्टैंड पर काले रंग का बैग लिए एक संदिग्ध युवक बस का इंतजार कर रहा है, जिसके पास भारी मात्रा में अफीम हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। इस पर थानाधिकारी और जाब्ते ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरीश गोदारा (उम्र 32 वर्ष), निवासी डूंगरे की ढाणी, थाना भणियाणा, जिला जैसलमेर बताया। कानूनी प्रक्रिया के तहत बैग की तलाशी लेने पर कपड़ों की थैली में छिपाकर रखे तीन प्लास्टिक पैकेटों से कुल 4.500 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने अफीम को जब्त कर अभियुक्त हरीश गोदारा को गिरफ्तार कर लिया है
