राजसमंद लोकसभा सांसद महारानी महिमा कुमारी मेवाड़ ने नई दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट कर राजसमंद संसदीय क्षेत्र में खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के विषय में विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की।
बैठक के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने राजसमंद संसदीय क्षेत्र की खेल संबंधी आवश्यकताओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने भीम क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार, एक आवासीय खेल विद्यालय एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियमों के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत राजसमंद में आधुनिक तरणताल के निर्माण तथा नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमा (पंचायत समिति खमनोर) में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त आधुनिक खेल स्टेडियम विकसित किए जाने का आग्रह किया।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने क्षेत्र की उभरती हुई शतरंज खिलाड़ी कियाना परिहार को बेहतर प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राजसमंद और देश का नाम रोशन कर सकें।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि राजसमंद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उचित अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के माध्यम से नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में वे निरंतर प्रयासरत हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने सांसद द्वारा रखे गए सुझावों एवं मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया तथा खेलों के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
