जिला एवं सेशन जज श्रीमती अल्का शर्मा के नेतृत्व में जिला कारागृह में कैदियों द्वारा 21000 सीड बॉल्स तैयार किए गए, जो भविष्य में वृक्ष का रूप लेने जा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजसमंद द्वारा सोमवार को ग्राम पंचायत लाल मादड़ी में 21 हजार सीड बॉल रोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में न्यायपालिका, जिला प्रशासन, प्रशासन तथा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा व्यापक स्तर पर सीड बॉल रोपण कर हरित राजस्थान के निर्माण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्रीमती अल्का शर्मा ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण भावी पीढ़ियों के प्रति हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका केवल न्यायिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता जैसे सामाजिक सरोकारों के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 21 हजार सीड बॉल रोपण की यह पहल बंजर एवं दुर्गम क्षेत्रों को हरित बनाने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है।
जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सीड बॉल रोपण वैज्ञानिक एवं प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों में निरंतर सहयोग प्रदान करेगा तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। एएसपी श्री महेंद्र पारीक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रशासन एवं पुलिस तंत्र की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इस हरित अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएगा। ग्राम पंचायत प्रशासक श्री बलवीर सिंह बारहठ ने आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा रोपे गए 21 हजार सीड बॉल एवं पौधों की समुचित देखरेख एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यह अभियान दीर्घकालीन परिणाम दे सके।

कार्यक्रम में जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा, जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र पारिक, न्यायाधीश पीओसी एक्ट श्री अनिल कुमार शर्मा, न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय श्री सूर्य प्रकाश पारीक, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री सुनील कुमार ओझा, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाथद्वारा श्री पुरुषोत्तम लाल सैनी, न्यायाधीश विशेष न्यायालय एससी/एसटी एक्ट श्रीमती अभिलाषा शर्मा, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योति शर्मा, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नाथद्वारा श्री प्रताप सिंह राठौड़, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री मोनिका राजपुरोहित, विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट एनआई एक्ट नाथद्वारा श्रीमती शिवानी सोलंकी, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नाथद्वारा सुश्री संजू चौधरी, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नाथद्वारा श्री भरत सैनी, जिला न्यायालय प्रबंधक श्री दीपक शर्मा, एसीएफ़ सरिता बोस, तहसीलदार आशीष सोनी, विकास अधिकारी नवीन गौड़, प्रशासक श्री बलवीर सिंह बारहठ, उपसरपंच किशन लाल सुथार, समाजसेवी तेज सिंह बारहठ सहित न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस विशेष अवसर पर समाजसेवी एवं मिराज समूह के प्रमोद पालीवाल, खैतान ग्रुप से श्री रोहित जी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने निर्धारित क्षेत्रों में 21 हजार सीड बॉल का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक शपथ ली।
