राजसमंद के आमेट में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज दूसरा दिन है। हड़ताल के चलते पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर अड़े सफाई कर्मचारियों ने आज मंगलवार को मुख्य मार्गों से विरोध रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की।

आमेट शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर और मुख्य बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक फैली गंदगी… यह तस्वीर है सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन की।
नगर पालिका प्रशासन के रवैये से नाराज सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को एकजुट होकर मुख्य रास्तों से रैली निकाली और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनती, यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

दूसरी ओर, हड़ताल के चलते आमजन की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मानसून के इस मौसम में जगह-जगह कचरा जमा होने और बदबू फैलने से मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से मंडराने लगा है। अगर जल्द ही पालिका प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बात नहीं बनी, तो शहर के हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं।
