ब्रेकिंग

वंदेमातरम् के अपमान के विरोध में भाजपा ने किया पुतला दहन, कांकरोली चौपाटी पर गूंजे कांग्रेस विरोधी नारे

756999

कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के कथित अपमान के विरोध में भाजपा द्वारा रविवार, 16 अगस्त को कांकरोली चौपाटी पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल के नेतृत्व में एवं प्रदेश सरकार में महिला एवं बालविकास राज्यमंत्री मंजू बाघमार, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ की उपस्थिति मे आयोजित विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस मुर्दाबाद”, “सोनिया गांधी मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “खड़गे मुर्दाबाद” सहित विभिन्न नारे लगाए, जिससे कांकरोली चौपाटी राष्ट्रभक्ति के नारों एवं कांग्रेस विरोधी नारों से गूंज उठी।

राज्यमंत्री मंजू बाघमार ने कहा कि वंदेमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा वंदेमातरम् का अपमान किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। देश की जनता राष्ट्र और राष्ट्रभावना के अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगीत के सम्मान के लिए सदैव मजबूती से खड़े रहेंगे।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि वंदेमातरम् भारत की मातृशक्ति और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा हुआ है। ऐसे राष्ट्रगीत का अपमान देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र के सम्मान और स्वाभिमान के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी राजनीतिक सोच से ऊपर उठकर राष्ट्र के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि वंदेमातरम् भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। राष्ट्रगीत के प्रति प्रत्येक भारतीय के मन में श्रद्धा और सम्मान है। कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा इसका अपमान किया जाना कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

पालीवाल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और राष्ट्रसम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में स्पष्ट रूप से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इस अवसर पर भानु पालीवाल, महेश पालीवाल, मान सिंह बारहठ, बंशीलाल खटीक सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *