ब्रेकिंग

वीपीआरपी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय आमुखीकरण प्रशिक्षण संपन्न

762468

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अंतर्गत राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका), राजसमंद द्वारा ग्राम समृद्धि एवं लचीलापन योजना (वीपीआरपी) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर सहभागी नियोजन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय आमुखीकरण प्रशिक्षण का सोमवार को सीएमटीसी, राजसमंद में समापन हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक चंद्र प्रकाश चौहान ने की। इस अवसर पर जिला प्रबंधक आईबी एवं एचआर भेरूलाल बुनकर, जिला प्रबंधक आजीविका मनीष कुमार मेवाड़ा सहित राजीविका के जिला एवं समस्त ब्लॉक स्तरीय कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में 27 डाटा एंट्री सखियों सहित लगभग 50 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वीपीआरपी की अवधारणा, ग्राम पंचायत विकास योजना में समुदाय की सहभागिता, स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, ग्रामीण परिवारों की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं का चिन्हांकन, सहभागी नियोजन तथा ग्राम पंचायत विकास योजना के साथ प्रभावी समन्वय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में पीए-एमआईएस खमनोर रेखा पालीवाल एवं पीए-एमआईएस देवगढ़ अनिता मेघवाल ने रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए। वीपीआरपी प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

समापन अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक चंद्र प्रकाश चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना को अधिक प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने में समुदाय तथा स्वयं सहायता समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वीपीआरपी के माध्यम से ग्रामीण समुदाय की वास्तविक आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं को ग्राम पंचायत की विकास प्रक्रिया से जोड़कर योजनाओं का अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकी जानकारी को ब्लॉक, क्लस्टर एवं ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वीपीआरपी प्रक्रिया को गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर लागू करते हुए अधिकाधिक ग्रामीण परिवारों की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं को विकास योजनाओं से जोड़ा जाए।

जिला प्रबंधक आईबी एवं एचआर भेरूलाल बुनकर ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त सीख का अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी उपयोग करने तथा अधिकाधिक समुदाय को सहभागी नियोजन की प्रक्रिया से जोड़ने की अपेक्षा व्यक्त की।

प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सन का आभार व्यक्त किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से राजीविका के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कार्मिकों की वीपीआरपी के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी क्षमता एवं तकनीकी समझ को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *