जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एनकॉर्ड, संपर्क पोर्टल एवं हरियाळो राजस्थान अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, उप वन संरक्षक आर.एन. भाकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।

बैठक में एनकॉर्ड के अंतर्गत जिले में नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने नशे के दुष्प्रभावों को रोकने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशा मुक्ति के लिए प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं जागरूकता गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने विभागवार लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा परिवादियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

हरियाळो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने विभागवार पौधरोपण लक्ष्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग कराने तथा पौधों के संरक्षण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि पौधरोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित नहीं रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करते हुए अभियान को प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा एनकॉर्ड, संपर्क पोर्टल एवं हरियाळो राजस्थान अभियान के संबंध में की गई प्रगति से अवगत कराया गया तथा जिला कलक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
