संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने मंगलवार को राजसमंद जिले का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा से बैठक कर जिले से जुड़े विभिन्न विषयों तथा नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जारी निर्वाचन प्रक्रिया की समीक्षा की। बैठक में निर्वाचन से संबंधित तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न स्तरों पर की जा रही कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार कस्वा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागीय आयुक्त श्री खजान सिंह ने कलक्ट्रेट पहुंचकर राजसमंद नगर परिषद रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी श्रीमती ओम प्रभा के कार्यालय में पहुंचकर नगर निकाय चुनाव को लेकर जारी गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इसके पश्चात संभागीय आयुक्त ने उपखंड अधिकारी कार्यालय आमेट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्ट्रॉंग रूम, काउंटिंग कक्ष सहित निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना कक्ष की व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन सामग्री एवं अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान आमेट उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री राजेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकाय चुनाव की समस्त निर्वाचन संबंधी कार्यवाहियां निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित कीजाएं।
