मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गढ़बोर स्थित श्री चारभुजा नाथ जी के पावन धाम में आज जलझूलनी एकादशी का महापर्व बड़ी ही धूमधाम और आस्था के साथ मनाया जा गया है। साल में केवल एक बार आने वाले इस अलौकिक अवसर पर प्रभु चारभुजा नाथ जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भी श्री चारभुजा नाथ जी के दर्शन कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।
मोक्षदायिनी जलझूलनी एकादशी के अवसर पर गढ़बोर धाम में अल सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने श्री गढ़बोरनाथ मंदिर पहुंचकर स्वर्ण पालकी वेवाण में विराजमान बाल स्वरूप प्रभु ठाकुर जी के दर्शन किए। दर्शन के बाद विधायक दीप्ति ने कहा कि प्रभु के दिव्य स्वरूप को देखकर मन श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद से भर गया। उन्होंने इस पर्व को मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की मिसाल बताया।

प्रभु चारभुजा नाथ जी वर्ष में एक बार सोने और चांदी की नक्काशीदार भव्य रेवाड़ियों में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। मंदिर के पुजारियों और सेवादारों ने गाजे-बाजे और शाही लवाजमे की अगुवाई में प्रभु की रेवाड़ी को उठाकर दूधतलाई के लिए प्रस्थान किया। शोभायात्रा के दौरान उड़ती हुई गुलाल से पूरा गढ़बोर धाम गुलाबी रंग में रंग गया।
भक्तों के गूंजते जयकारों और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ प्रभु की रेवाड़ी दूधतलाई पहुंची, जहाँ विधि-विधान से परिक्रमा के बाद प्रभु चारभुजा नाथ जी को पवित्र जल में स्नान कराया गया। इस पावन अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने सभी श्रद्धालुओं को जलझूलनी एकादशी की शुभकामनाएं दीं और सभी के मनोरथ पूर्ण होने की प्रार्थना की।

आस्था, परंपरा और भक्ति के इस अनोखे संगम ने गढ़बोर को पूरी तरह से चारभुजा नाथ के रंग में रंग दिया है।
