राजसमंद जिले की जीवन रेखा मानी जाने वाली ऐतिहासिक राजसमंद झील की जल आवक को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नंदसमंद बांध से निकलने वाली खारी फीडर की क्षमता संवर्धन का कार्य तीव्र गति से प्रगतिरत है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2024-25 के तहत स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल की उपलब्धता को नया आयाम मिलेगा। खारी फीडर के वर्तमान प्रवाह को 400 क्यूसेक से बढ़ाकर 800 क्यूसेक किए जाने का कार्य किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता हिमांशु व्यास ने बताया कि परियोजना के लिए ₹121.26 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है, जबकि निर्माण कार्य की लागत ₹95 करोड़ है। वर्तमान में परियोजना का लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। परियोजना को गति प्रदान करते हुए इसे दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्य पूर्ण होने के पश्चात राजसमंद झील तक अधिक मात्रा में जल पहुंचाने की क्षमता विकसित होगी।

परियोजना के तहत फीडर पर अर्थवर्क, सीसी पेपर लाइनिंग एवं सीसी वॉल सेक्शन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इसके अंतर्गत 5,34,795.16 घन मीटर खुदाई, 9.40 किलोमीटर लंबाई में सीसी पेपर लाइनिंग तथा 23 किलोमीटर लंबाई में सीसी वॉल सेक्शन सहित 1,02,912.69 घन मीटर कंक्रीट कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मार्ग में 49 वीआरबी, 6 डीआरबी, 7 एक्वाडक्ट तथा 1 साइफन सहित विभिन्न संरचनाओं का निर्माण भी प्रस्तावित है।
परियोजना के पूर्ण होने से राजसमंद बांध में वार्षिक औसत अपवर्तित जल की मात्रा में लगभग दोगुना से अधिक वृद्धि होने की संभावना है। इससे राजसमंद बांध के 42 गांवों की लगभग 10,450 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की उपलब्धता और अधिक सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही राजसमंद बांध से पेयजल के लिए 700 एमसीएफटी की मांग की पूर्ति में भी सहायता मिलेगी तथा स्थानीय औद्योगिक इकाइयों को सुचारु रूप से जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
राजसमंद बांध के नहरों के जीर्णोद्धार कार्य के लिए भी बजट घोषणा वर्ष 2026-27 में ₹50 करोड़ की घोषणा की गई है। इससे सिंचाई तंत्र को मजबूती मिलने के साथ टेल क्षेत्र के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। खारी फीडर की क्षमता संवर्धन एवं नहरों के जीर्णोद्धार से राजसमंद क्षेत्र में जल प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता और सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार होगा।
