ब्रेकिंग

डांडिया वेन्यू के बाहर और अंदर बिछा ‘सुरक्षा का कड़ा जाल’, मनचलों की एक गलती और सीधे जेल!”

IMG-20261010-WA0033

नवरात्रि की रौनक पूरे प्रदेश में सज चुकी है। गरबा और डांडिया नाइट्स को लेकर महिलाओं और बालिकाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लेकिन इस बार जश्न के साथ-साथ सुरक्षा का भी एक ऐसा अभेद्य किला तैयार किया गया है, जिसकी भनक मनचलों को भी नहीं लगेगी। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर राजस्थान पुलिस प्रदेशभर में चला रही है एक विशेष अभियान — ‘शक्ति सुरक्षा अभियान‘।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार के अनुसार, गरबा कार्यक्रमों के दौरान और कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस अभियान के तहत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले आयोजन स्थलों पर ‘कालिका पेट्रोलिंग टीमों’ के साथ-साथ सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। मनचलों और छेड़छाड़ करने वालों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पुलिस विशेष ‘डिकॉय ऑपरेशन’ चलाएगी।

हर प्रमुख डांडिया स्थल पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहाँ महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। साथ ही आयोजन स्थलों पर महिला हेल्पलाइन, राजकॉप एप और पुलिस संपर्क साधनों के क्यूआर (QR) कोड और पोस्टर्स लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएँ सीधे सहायता प्राप्त कर सकें।

सुरक्षा का यह घेरा सिर्फ पंडाल के अंदर ही नहीं, बल्कि प्रवेश-निकास द्वारों, पार्किंग एरिया और आवाजाही वाले मार्गों तक फैला रहेगा। आयोजकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश द्वार पर आईडी कार्ड और डिजिटल पास की कड़ाई से जांच की जाए, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखा जाए और प्राइवेट सिक्योरिटी वॉलंटियर्स की सूची पुलिस को सौंपी जाए।

इसके अलावा, ऑटो और टैक्सी चालकों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है, ताकि देर रात घर लौटती महिलाओं को सुरक्षित परिवहन मिल सके। सार्वजनिक वाहनों पर महिला हेल्पलाइन के स्टीकर भी लगाए जा रहे हैं।

इस पूरे अभियान का पर्यवेक्षण जिला स्तर पर एएसपी (ASP) स्तर के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे और महिला सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कालिका टीमों को सम्मानित भी किया जाएगा।

तो आप भी बेफिक्र होकर गरबा और डांडिया का आनंद लें, क्योंकि राजस्थान पुलिस की ‘शक्ति सुरक्षा’ हर कदम पर आपके साथ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *