दरीबा स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स में ड्राइवरों के लिए स्वास्थ्य जांच और एचआईवी जागरूकता शिविर आयोजित, 153 चालकों ने उठाया लाभ।
सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के दरीबा स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के लॉजिस्टिक्स विभाग द्वारा एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान निःशुल्क नेत्र जाँच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और एचआईवी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे कुल 153 वाहन चालक लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम के तहत अत्याधुनिक मशीनों के ज़रिए 102 ड्राइवरों की आँखों की जाँच की गई। इसमें से 28 ड्राइवरों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए, जिनमें 23 निकट दृष्टि और 5 दूर दृष्टि समस्या से ग्रस्त चालक शामिल थे। इसके अलावा, 8 अन्य ड्राइवरों के प्रिस्क्रिप्शन के अनुसार चश्मे उनके पते पर कूरियर द्वारा भेजे जा रहे हैं।

शिविर के दौरान 51 ड्राइवरों ने अपना निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया। साथ ही, डॉ. दुष्यंत सिंह ने एचआईवी पर जागरूकता सत्र लेकर चालकों को सेहत के प्रति सतर्क रहने और नियमित जाँच कराने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन रोहित विजय (एसबीयू डायरेक्टर) एवं मोहन फडताडे (सेफ्टी हेड) के मार्गदर्शन में हुआ। मौके पर लॉजिस्टिक्स हेड कमलेश लाड़, सिक्योरिटी हेड करण सिंह सहित विजय सोनी, वासुदेव और रौनक राव मौजूद रहे। लॉजिस्टिक्स टीम ने भविष्य में भी चालकों के कल्याण और सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
