जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में बुधवार को पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव–2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले की भीम, देवगढ़, रेलमगरा एवं राजसमन्द पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हुआ। प्रातः 7 बजे प्रारम्भ हुई मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सायं 6 बजे तक प्राप्त मतदान आंकड़ों के अनुसार जिले में औसतन 60.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए निर्वाचन पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारहठ, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अरुण कुमार हसीजा तथा पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने प्रातःकाल से सायंकाल तक विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
द्वितीय चरण में चारों पंचायत समितियों के कुल 4 लाख 7 हजार 685 मतदाताओं में से सायं 6 बजे तक उपलब्ध मतदान प्रतिशत के आधार पर लगभग 2 लाख 44 हजार 968 मतदाताओं द्वारा मताधिकार का प्रयोग किया गया। सायं 6 बजे तक जिले का औसत मतदान प्रतिशत 60.09 रहा।

पंचायत समितिवार राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल अनुसार सायं 6 बजे तक भीम पंचायत समिति में कुल 99 हजार 865 मतदाताओं में से लगभग 50 हजार 452 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 50.52 रहा। देवगढ़ पंचायत समिति में कुल 77 हजार 208 मतदाताओं में से लगभग 42 हजार 9 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया तथा मतदान प्रतिशत 54.41 दर्ज किया गया।
इसी प्रकार रेलमगरा पंचायत समिति में कुल 98 हजार 735 मतदाताओं में से लगभग 69 हजार 213 मतदाताओं ने मतदान किया तथा सायं 6 बजे तक मतदान प्रतिशत 70.10 रहा, जो चारों पंचायत समितियों में सर्वाधिक है। राजसमन्द पंचायत समिति में कुल 1 लाख 31 हजार 877 मतदाताओं में से लगभग 83 हजार 294 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तथा मतदान प्रतिशत 63.16 दर्ज किया गया।

पंचायतीराज आम चुनाव–2026 के द्वितीय चरण में जिला परिषद के 16 एवं पंचायत समिति सदस्यों के 80 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान आयोजित किया गया। चारों पंचायत समितियों की 147 ग्राम पंचायतों में कुल 1,303 वार्ड हैं। निर्वाचन के लिए 489 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए थे, जिनमें 483 मुख्य एवं 6 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं।
द्वितीय चरण के कुल 4 लाख 7 हजार 685 मतदाताओं में 2 लाख 8 हजार 154 पुरुष, 1 लाख 99 हजार 530 महिला एवं एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। भीम पंचायत समिति में 122, देवगढ़ में 98, रेलमगरा में 116 तथा राजसमन्द पंचायत समिति में 153 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए थे।
वृद्ध माता को सीढ़ियों से उतरने में सहारा देकर जिला कलक्टर ने दिखाई सहृदयता
मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार का एक आत्मीय दृश्य भी सामने आया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राज्यावास स्थित मतदान केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने वृद्ध माता लाली बाई को अकेले सीढ़ियां उतरते देखा तो तत्काल स्वयं आगे बढ़कर उन्हें सहारा दिया और सुरक्षित नीचे उतरने में सहायता की।

जिला कलक्टर ने वृद्ध माता से आत्मीय संवाद करते हुए वृद्धावस्था में भी मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने लाली बाई को आगे भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी निभाते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला कलक्टर की इस सहृदय एवं मानवीय पहल ने वहां उपस्थित लोगों को प्रभावित किया तथा बुजुर्ग मतदाताओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया।
अब पंच / सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को होगा मतदान:
पंचायतीराज आम चुनाव–2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पंच / सरपंच पदों के लिए गुरुवार, 29 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इन पदों के लिए शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। उपसरपंच पद के लिए निर्वाचन शनिवार, 31 अक्टूबर को होगा।
