पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को पंच / सरपंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल एवं पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारहठ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। तीनों अधिकारियों ने छापली, दिवेर, काछबली, बग्गड़ एवं सांगावास सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान करने पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर लोकतंत्र में उनकी भागीदारी का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने दिव्यांगजन, बुजुर्गों एवं महिला मतदाताओं से आत्मीय बातचीत की और मतदान के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता की भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाती है।

अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए व्यवस्थाओं, सुविधाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान कार्मिकों से मतदान की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन सजगता एवं निष्पक्षता से करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिव्यांगजन एवं बुजुर्ग मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक ने भी केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित कार्मिकों से जानकारी ली।
