राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भाजपा जयपुर जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल, जिला मंत्री श्रीमती अर्चना, आईटी विभाग के उप संयोजक श्री देवेश चित्तौड़ा एवं अन्य कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने रामलीला मैदान में आयोजित राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि वोट नहीं, कांग्रेस की राजनीतिक बुद्धि चोरी हो गई है। जनता के मुद्दों और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुख नीतियों का कांग्रेस के पास कोई ठोस जवाब नहीं है, इसलिए वह झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रही है। दस लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा करने वाले 20 विपक्षी दल मिलकर भी 40 हजार लोगों की उपस्थिति तक नहीं जुटा सके, जो कांग्रेस के जनसमर्थन के दावों की हकीकत सामने लाता है।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने आरोप लगाया कि इस आयोजन के जरिए देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने तथा लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकार को कमजोर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 1984 के सिख नरसंहार की बरसी पर रैली करना सिख समाज की ऐतिहासिक पीड़ा के प्रति संवेदनशीलता पर प्रश्न खड़ा करता है। त्योहारों के समय व्यापार पर पड़ने वाले असर और विदेशी मंचों पर भारतीय लोकतंत्र की छवि को लेकर दिए गए बयानों पर भी कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश की शांति, संप्रभुता और सुरक्षा से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश की जनता लोकतांत्रिक मर्यादाओं, राष्ट्रीय हितों और विकास के प्रति प्रतिबद्ध राजनीति को महत्व देती है।
