राजसमंद में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को राजसमंद तहसील एवं नगर परिषद राजसमंद की संयुक्त टीम द्वारा शहर में विभिन्न दुकानों एवं सब्जी मंडियों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियां जब्त की गई।
कार्यवाहक आयुक्त ब्रजेश गुप्ता के निर्देशन में तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह कितावत के नेतृत्व में राजस्व एवं नगर परिषद की संयुक्त टीम ने कांकरोली क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कांकरोली पुराने बस स्टैंड स्थित कैलाश पातल दूना भंडार से लगभग 2 क्विंटल 50 किलोग्राम तथा शहर की अन्य दुकानों से 52 किलोग्राम 500 ग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक थैलियां जब्त की गई। इस प्रकार कुल 3 क्विंटल 2 किलोग्राम 500 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जप्त कर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध चालान बनाते हुए भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार की गाड़ी को देखकर कई दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक को हटाने का प्रयास भी किया गया, हालांकि टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया।
इस कार्रवाई में रेवेन्यू इंस्पेक्टर धनेश महला, पटवारी गोपाल गाडरी (कांकरोली) तथा कपिल खत्री (धोइंदा) के साथ नगर परिषद के स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम दिनेश खोखर, स्वास्थ्य निरीक्षक द्वितीय सुरेश अटवाल, कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षक विनोद जावा, जमादार गोपाल सिंगोलिया, पंकज चावरिया, जयराज कलोसिया, पंकज त्रिवेदी सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
