रंगों का त्योहार होली न केवल खुशियां लाता है, बल्कि आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। इसी कड़ी में राजसमंद के ऐतिहासिक नौचौकी पाल पर व्यापार मण्डल द्वारा एक भव्य होली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राजसमंद की विश्व प्रसिद्ध झील ‘नौचौकी’ आज गुलाल के रंगों और व्यापारियों के उत्साह से सराबोर नजर आई। अवसर था समस्त व्यापार मण्डल सोसायटी राजसमंद द्वारा आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह का। 17 मार्च की शाम आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महासचिव प्रदीप खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्नेह मिलन का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक एकता को बढ़ावा देना और त्योहार की खुशियों को साझा करना था। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर और गुलाल उड़ाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
सिर्फ रंग ही नहीं, बल्कि खान-पान के पारंपरिक जायके ने भी इस शाम को यादगार बना दिया। उपस्थित व्यापारियों ने झील के किनारे सुहावने मौसम में गरमा-गरम चाय, पकौड़ी और विशेष रूप से तैयार रबड़ी का आनंद लिया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में व्यापार मण्डल के संरक्षक लीलेश खत्री और भंवर लाल दर्जी, अध्यक्ष कमलेश कोठारी, महासचिव प्रदीप खत्री और सलाहकार एडवोकेट गोपालकृष्ण पालीवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनके साथ ही मान सिंह बारहठ, अशोक विजयवर्गीय, नर्बदा शंकर पालीवाल, शम्भु कुमावत और सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय व्यवसायी एकजुट हुए।
ऐतिहासिक नौचौकी की पाल पर हुआ यह आयोजन राजसमंद की व्यापारिक एकजुटता की एक सुंदर तस्वीर पेश कर गया।
