राज्य सरकार के ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुनखार में डिजिटल ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। विकास अधिकारी मांगीलाल ने बताया कि इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में आमजन, किसान एवं पशुपालकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, उनकी पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। अभियान के तहत मौके पर ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन तैयार कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। कला जत्थों की प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया गया, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित विभागों द्वारा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। ग्राम सुनखार में आयोजित यह कार्यक्रम जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
