ब्रेकिंग

ग्राम रथ से जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच होगी मजबूत: कुंभलगढ़ विधायक राठौड़

327287-1

विधानसभा क्षेत्र कुंभलगढ़ की ग्राम पंचायत अंटालिया में ग्राम रथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुंभलगढ़ विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह राठौड़ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, पशुपालकों एवं आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने, आवेदन तैयार कराने और स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाने का भी एक प्रभावी माध्यम है। विधायक राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और ग्राम रथ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखी गईं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत कला जत्था की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिनके माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मंगला पशु बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी रोचक ढंग से दी गई। विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम रथ अभियान जागरूकता के साथ-साथ लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के दौरान योजनाओं से संबंधित आवेदन तैयार किए गए तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी संचालित की गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *