राजसमन्द के ग्राम पंचायत पुठोल में ग्राम रथ का आगमन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। साथ ही एसडीएम बृजेश गुप्ता की अध्यक्षता में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें कृषकों एवं पशुपालकों की समस्याओं को सुना गया और उनका मौके पर समाधान करने के प्रयास किए गए।
तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह के अनुसार शिविर में राजस्व विभाग द्वारा भू-खसरों के विभाजन सहित विभिन्न राजस्व संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया गया। पंचायती राज विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए गए, साथ ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। कृषि विभाग द्वारा किसानों को तारबंदी, डिग्गी निर्माण, पाइपलाइन एवं फार्म पॉण्ड जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वीबी ग्राम योजना के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ अन्य विभागों द्वारा भी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी गई।
उपखंड अधिकारी गुप्ता ने शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन गंभीर बीमारियों की रोकथाम में सहायक है और आमजन को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने भी शिविर में अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर प्रशासक श्रीमती राधा बाई, विकास अधिकारी श्री भवानी शंकर रैगर, ग्राम विकास अधिकारी श्री अशोक मीणा, श्री ऋषिराज खत्री, पटवारी श्री नीरज पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों को अधिकाधिक लाभान्वित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए, जिससे आमजन में जागरूकता के साथ-साथ संतोष भी देखने को मिला।
