राजसमन्द विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि अप्रैल 2025 में जीएसटी संग्रहण का 2.43 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंचना भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि कर दरों में कमी के बावजूद राजस्व में यह वृद्धि बेहतर अनुपालन और बढ़ती आर्थिक गतिविधियों का संकेत है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना को सशक्त बनाता है।
जन संवाद केंद्र पर क्षेत्रवासियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा, जनकल्याण और आर्थिक सुदृढ़ता पर आधारित नीतियों ने भारत को वैश्विक चुनौतियों के बीच भी विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाया है। यह राजनीतिक अर्थशास्त्र की नई सोच का परिणाम है, जिसमें विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने लगभग 30.2 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है, जो लगभग अमेरिका की पूरी आबादी के बराबर है। राजस्थान के 2.25 करोड़ नागरिक गरीबी से मुक्त हुए हैं। इसे आधुनिक इतिहास में गरीबी उन्मूलन की सबसे बड़ी सफलताओं में माना जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करने वाली मोदी सरकार की योजनाओं ने गरीबी की जड़ों पर प्रहार किया है।
जन संवाद केंद्र पर उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी और त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित के प्रत्येक विषय का संवेदनशीलता के साथ समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
