जनगणना-2027 के तहत 15 मई 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का चरण जारी है। एसपी हेमंत कलाल एवं एडीएम नरेश बुनकर ने भी स्व गणना कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपक्रम में भाग लिया तथा जनसामान्य से भी सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।

दोनों अधिकारियों ने ऑनलाइन पोर्टल (SE.CENSUS.GOV.IN) के माध्यम से परिवार एवं आवास संबंधी समस्त आवश्यक विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज कर प्रक्रिया पूर्ण की। तत्पश्चात प्राप्त विशिष्ट पहचान संख्या (एसई आईडी) को इस डिजिटल पहल की पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह अभिनव व्यवस्था नागरिकों को सशक्त बनाते हुए उन्हें अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का सरल, सुलभ और विश्वसनीय माध्यम प्रदान करती है।
15 मई 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का चरण संचालित रहेगा। 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर जाकर आंकड़ों का सत्यापन एवं शेष जानकारी का संकलन करेंगे। जिला प्रशासन, राजसमंद द्वारा नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे जनगणना में पूर्ण गरिमा के साथ सहभागिता निभाएं।
