ब्रेकिंग

पंच गौरव के तहत कृषि नवाचार एवं संभावनाओं पर सेमिनार आयोजित

351249

राज्य सरकार के ‘पंच गौरव कार्यक्रम’ के तहत बालकृष्ण विद्या भवन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कांकरोली में कृषि क्षेत्र को लेकर एक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि संकाय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पंच गौरव कार्यक्रम की जानकारी प्रदान करते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों एवं रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उप निदेशक (उद्यान) कल्प वर्मा एवं उपनिदेशक (आत्मा) डॉ. संतोष दूरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में अनंत संभावनाएं मौजूद हैं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों को उन्नत एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनुदान एवं सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट खेती के माध्यम से किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उप निदेशक उद्यान कल्प वर्मा ने राजसमंद जिले में किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी को अपनाकर किसान बेहतर एवं स्थायी आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंच गौरव कार्यक्रम के तहत राजसमंद जिले को सीताफल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष रूप से पहचाना जा रहा है तथा आने वाले समय में सीताफल किसानों के लिए लाभकारी विकल्प बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभलगढ़ एवं नाथद्वारा क्षेत्र में कई किसान सीताफल उत्पादन के माध्यम से अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर रहे हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संतुलन बनाए रखने के लिए जैविक खेती के विभिन्न स्वरूपों की भी जानकारी दी गई। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार व्यास ने कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों, कृषि आधारित समस्याओं एवं उनके समाधान पर विद्यार्थियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में शोध एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया।

शोधार्थी साक्षी चौधरी ने कृषि क्षेत्र में करियर की संभावनाओं विषय पर पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रभाव कई क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है, लेकिन कृषि क्षेत्र में मानव संसाधन की आवश्यकता सदैव बनी रहेगी। उन्होंने बारहवीं के बाद कृषि क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को प्रदान की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाचार्य प्रमोद पालीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। व्याख्याता राजेंद्र आचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृषि संकाय के समस्त व्याख्याता एवं शिक्षक उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *