राजसमंद जिले के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर लाल बाल्दी एक वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि खमनोर ब्लॉक के गांवगुड़ा विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने खुले मंच से भाजपा का गुणगान किया और विपक्षी दलों पर टिप्पणी कर सरकारी पद की गरिमा को तार-तार कर दिया।

जिला कांग्रेस कमेटी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो राजसमंद के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि भाजपा के अधिकृत प्रवक्ता बनकर मंच से भाषण दे रहे हों। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने वाला अधिकारी यदि सार्वजनिक मंच से राजनीतिक पक्षधरता दिखाएगा तो यह शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता पर सीधा हमला है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस अधिकारी के हाथ में जिले के हजारों विद्यार्थियों का भविष्य है, वही यदि राजनीतिक एजेंडा चलाने लगे तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है। पार्टी ने कहा कि शिक्षा विभाग को राजनीतिक प्रचार का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।
कांग्रेस ने राज्यपाल को भेजी शिकायत में मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अब प्रशासनिक अधिकारी भी खुलकर राजनीतिक भाषा बोलने लगे हैं, जो लोकतंत्र और प्रशासनिक निष्पक्षता दोनों के लिए खतरे की घंटी है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा और पूरे मामले को प्रदेश स्तर तक उठाया जाएगा।
