राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिले की 14 ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत ग्राम रथ विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम रथ के माध्यम से पंचायत समिति क्षेत्रों की ग्राम पंचायत ताल, थाना, चिताम्बा, मोरचना, केलवा, मादड़ी देवस्थान, तलाई, बालिचा, सेमा, टीकर, दिलाना, देवड़ो का गुट्टा एवं बल्लो का खेड़ा में एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल माध्यमों एवं प्रचार सामग्री के जरिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं एवं सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव भी साझा किए, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ग्राम रथ अभियान के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों से दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच रही है तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है। अभियान के माध्यम से सरकार एवं आमजन के बीच संवाद भी मजबूत हो रहा है।
