राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजना के अंतर्गत विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कुंवारियां में कक्षा 9वीं की बालिकाओं के लिए आयोजित निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की।

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि यह बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदमों का प्रेरणादायी उत्सव है। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कुंवारियां के भवन निर्माण हेतु जिला खनिज प्रतिष्ठान कोष के माध्यम से ₹1 करोड़ की घोषणा की। इसे क्षेत्र के शैक्षिक अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया और उन्हें संस्कार, शिक्षा एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों के पथ पर अग्रसर रहने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, संस्कारित एवं नशामुक्त युवा शक्ति ही विकसित राजस्थान एवं सशक्त भारत की आधारशिला है।
इस अवसर पर पूर्व उप जिला प्रमुख एवं मीरा मंडल अध्यक्ष सोहनी देवी गुर्जर, तहसीलदार सुंदर लाल मीणा, सरपंच ललित श्रीमाली, पूर्व सरपंच यशोदा पोरवाल सहित गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
