ब्रेकिंग

25 फ्लैगशिप योजनाओं और 37 बजट घोषणाओं सहित पंच गौरव की समीक्षा बैठक आयोजित

380675-1
राजसमन्द जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सरकार की सभी 25 फ्लैगशिप योजनाओं, वर्ष 2026-27 की सभी 37 बजट घोषणाओं एवं राज्य सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
 

जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान नवीन परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से लाभान्वित करने, कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं शहरी, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा जल जीवन मिशन की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही पंच गौरव योजना के अंतर्गत संचालित लखपति दीदी, सोलर दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई।

इसी तरह संशोधित वितरण क्षेत्र योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, अटल ज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अटल प्रगति पथ सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, मिशन हरियालो राजस्थान, अमृत योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना तथा मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान की समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं नियमित मॉनिटरिंग के साथ कार्य करें ताकि योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिले के समग्र विकास को नई गति देगा।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न बजट घोषणाओं की भी विभागवार समीक्षा की तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

 
बजट घोषणाओं पर चर्चा करते हुए कलक्टर ने सेठ रंगलाल कोठारी राजकीय महाविद्यालय राजसमंद में स्नातकोत्तर स्तर पर रसायन शास्त्र, प्राणी शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, व्यावसायिक प्रशासन एवं ईएएफएम विषय प्रारंभ करने संबंधी घोषणा की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही बरार (भीम) में नवीन पुलिस चौकी खोलने तथा गिलूण्ड पुलिस चौकी को पुलिस थाने में क्रमोन्नत करने की कार्यवाही की समीक्षा की गई।

बैठक में जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा की गई। विद्युत क्षेत्र की घोषणाओं के अंतर्गत नंदावट (भीम) सहित विभिन्न स्थानों पर 33/11 केवी जीएसएस निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

जिला कलक्टर ने सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए रेलमगरा में जल देवी माता मंदिर से उपखंड मुख्यालय तक सड़क निर्माण, माचिंद मुख्य गांव से धुनी तक सड़क एवं पुलिया मरम्मत, काबरी से जेतपुरा वाया सिमाल धनोली सड़क निर्माण, आमेट से आगरिया सड़क निर्माण तथा भोली खेड़ा से पाटिया खेड़ा राहा तक सड़क चौड़ीकरण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बनास नदी पर गोगाथला से माउ मार्ग पर कॉजवे निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की गई।

अन्नपूर्णा माताजी मंदिर से दयाशाह किला तक रोप-वे निर्माण एवं मुखर्जी चौराहे से द्वारिकाधीश मंदिर तक एलिवेटेड अथवा रिंग रोड निर्माण के लिए प्रस्तावित फिजिबिलिटी स्टडी घोषणा की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही नाथद्वारा में प्रस्तावित हैरिटेज वॉक-वे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

खेल एवं स्वास्थ्य क्षेत्र की घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने नाथद्वारा में राणा पुंजा जनजातीय खेल अकादमी की स्थापना तथा भीम में खेल स्टेडियम निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं उप जिला चिकित्सालय भीम में बेड क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 करने संबंधी कार्यवाही की भी समीक्षा की गई।

बैठक में नमो नर्सरी स्थापना, पंचायत समिति स्तर पर नमो वन विकसित करने, जिला स्तरीय नगरीय निकायों के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार करने तथा सभी जिला मुख्यालयों पर नवीन उपहार विक्रय केंद्र शुरू करने संबंधी घोषणाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इस प्रकार 2026 की अनेकों बजट घोषणाओं की बारीकी से समीक्षा हुई। 

जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं एवं बजट घोषणाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *