ब्रेकिंग

राजसमंद में ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी से मचा हड़कंप: 471 किलो डोडा-पोस्त बरामद, शराबियों सहित 13 गिरफ्तार।

384063-12

राजसमंद में पुलिस ने अपराधियों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ एक बड़ा और ताबड़तोड़ एक्शन लिया है। पुलिस मुख्यालय जयपुर और उदयपुर रेंज महानिरीक्षक के निर्देशों की पालना में, राजसमंद जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के सुपरविजन में जिले भर में ‘ए’ श्रेणी की सघन नाकाबंदी की गई। १६ मई की शाम ७ बजे से रात १० बजे तक, यानी महज ३ घंटों के भीतर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पूरे जिले को किले में तब्दील कर दिया। १८ अलग-अलग पॉइंट्स पर की गई इस नाकाबंदी में अपराधियों में हड़कंप मच गया।

इस महा-अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। केलवाड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ४७१ किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में कुल १३ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें आबकारी अधिनियम के तहत ४ और लोकल व स्पेशल एक्ट के तहत ८ मामले दर्ज किए गए हैं। साथ ही ७ लोगों के खिलाफ धारा १७० बीएनएस के तहत भी कार्रवाई की गई है।

सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले भी पुलिस की नजरों से नहीं बच पाए। नाकाबंदी के दौरान कुल ८१३ वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें ३३५ दोपहिया और ४७८ चौपहिया वाहन शामिल थे। पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले १७ चालकों के वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। इसके अलावा बिना हेलमेट के ३२, बिना सीट बेल्ट के ३६, गलत नंबर प्लेट वाले ३३, और काली फिल्म लगी ९ गाड़ियों समेत अन्य एमवी एक्ट के तहत ८७ चालान काटकर सख्त कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार पारीक और जिले के सभी वृत्ताधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि राजसमंद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *