ब्रेकिंग

द्वारकाधीश मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब; कल राजभोग में रथयात्रा और शयन में होंगे ‘फूल के रथ’ के दर्शन

384063-11

राजसमंद जिले के प्रसिद्ध पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ प्रन्यास, श्री द्वारकाधीश मंदिर कांकरोली में अधिक ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास का भव्य शुभारंभ हो चुका है। अधिक ज्येष्ठ शुक्ल एकम के इस विशेष अवसर पर प्रभु द्वारकाधीश के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

अधिक मास की शुरुआत के साथ ही ठाकुर जी का विशेष और अलौकिक श्रृंगार किया गया। प्रभु के श्री मस्तक पर श्वेत खासा की छज्जे-दार पाग सजाई गई, जिसके अधरंग पर श्वेत खासा की प्रदर्शनी और वैसा ही उपरना सुशोभित था। मोती के दिव्य आभरणों और माला कटी पेंच से प्रभु का रूप निखर उठा। राजभोग के समय प्रभु को विशेष रूप से महकती हुई ‘गुलाब फूलों की मंडली’ में विराजमान किया गया, जिसके दर्शन कर अहमदाबाद, बड़ौदा और मेहसाणा से आए हजारों वैष्णव जन निहाल हो गए।

राजभोग के बाद उत्थापन, भोग और आरती के दर्शन नियत समय पर खुले। इसके बाद मंदिर के रतन चौक में जल भरा गया, जहाँ प्रभु द्वारिकाधीश जल विहार के लिए सिंहासन पर विराजे। इस दौरान जमुना जी के जल में लकड़ीनुमा मंदिर तैयार किया गया, जिसमें मछली, मगरमच्छ और बतखें प्रभु की सेवा में तैरती नजर आईं। इस अलौकिक जल विहार मनोरथ की आरती स्वयं पूज्य पाद गोस्वामी संजीव कुमार महाराज ने उतारी। इस दौरान मुखिया और भीतरिया सहित सभी सेवाभाविओं ने अपनी-अपनी सेवाएं अर्पित कीं।

पुष्टिमार्ग में इस अधिक मास का विशेष महत्व है और मंदिर में प्रतिदिन नए मनोरथ सिद्ध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कल, यानी सोमवार 18 मई 2026 को, मंदिर में विशेष दर्शन होंगे। राजभोग दर्शन में प्रभु ‘रथयात्रा’ में और शयन दर्शन में ‘फूलों के रथ’ में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *