ब्रेकिंग

40 वर्ष बाद मिला हक़: भोलीराम का सही नाम राजस्व रिकोर्ड में दर्ज कुंभलगढ़ में 30 राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण

399553

कुंभलगढ़ उपखंड अधिकारी साक्षी पुरी के आदेशों की पालना में मंगलवार को तहसील गढ़बोर में राजस्व न्यायालय संबंधी कोर्ट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान राजस्व प्रकरणों की सुनवाई कर कुल 30 प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। कैंप में आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए त्वरित राहत प्रदान की गई।

कैंप के दौरान ग्राम बामणिया से संबंधित एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रकरण का भी निस्तारण किया गया, जिसमें डूंगर जी का गुड़ा निवासी भोलीराम पुत्र स्वर्गीय स्वरूप राम बलाई का नाम लगभग 40 वर्ष पूर्व राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटिवश “केसाराम” दर्ज हो गया था। नाम में हुई इस त्रुटि के कारण परिवादी को लंबे समय से विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। राजस्व न्यायालय में प्रस्तुत प्रकरण की सुनवाई के दौरान संबंधित दस्तावेजों, पुराने रिकॉर्ड एवं उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया गया। तथ्यों के सत्यापन उपरांत राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन करते हुए सही नाम “भोलीराम” दर्ज किया गया। वर्षों पुरानी त्रुटि के निराकरण से परिवादी एवं उसके परिवार ने राहत महसूस करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कैंप में उपस्थित अन्य ग्रामीणों ने भी इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे आमजन को मौके पर राहत पहुंचाने वाली प्रभावी पहल बताया।

कैंप के माध्यम से आमजन को त्वरित न्याय एवं राजस्व रिकॉर्ड संबंधी समस्याओं के समाधान का लाभ प्राप्त हुआ। उपखंड अधिकारी साक्षी पुरी ने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाने एवं राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *