खान एवं भू-विज्ञान विभाग, राजसमंद के तत्वावधान में मंगलवार को केलवा स्थित मार्बल माइन ऑनर्स एसोसिएशन सभागार में सिलिकोसिस की रोकथाम एवं उन्मूलन हेतु स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य खनन श्रमिकों में सुरक्षित खनन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान एवं रोकथाम सुनिश्चित करना रहा। शिविर में राजस्थान मोबाइल मेडिकल यूनिट, राजसमंद द्वारा खान श्रमिकों की सिलिकोसिस जांच के लिए एक्स-रे किए गए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, केलवा के चिकित्सकों की टीम द्वारा कुल 117 खान श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीनारायण आमेटा ने श्रमिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा पूर्ण लगन एवं निष्ठा के साथ सुरक्षित खनन कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खनन कार्य के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण करवाना प्रत्येक श्रमिक की जिम्मेदारी है।

खान विभाग राजसमंद खण्ड प्रथम के खनि अभियंता जिनेश हुमड़ ने उपस्थित खान धारकों एवं श्रमिकों को सिलिकोसिस की रोकथाम के लिए खनन कार्य के दौरान डस्ट मास्क, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रमिक की सुरक्षा केवल उसी तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसका सम्पूर्ण परिवार उस पर निर्भर होता है, इसलिए प्रत्येक श्रमिक को पूर्ण सावधानी एवं सुरक्षा उपायों के साथ खनन कार्य करना चाहिए। उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत आगामी मानसून में अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की भी अपील की।
शिविर में मार्बल माइन ऑनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष गौरव सिंह राठौड़, महामंत्री मधुसूदन व्यास, चिकित्सा विभाग के जिला सह अधिकारी डॉ. रामनिवास जाट, डॉ. अर्जुन यादव, सहायक खनि अभियंता ओमप्रकाश आर्य, खनि कार्यादेशिक कमलेश मीणा, सूचना सहायक विनोद मीणा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केलवा से झाबर सिंह शेखावत, गोविन्द प्रसाद सालवी, रेडियोग्राफर मनीष पायक तथा वाहन चालक भरत रजक सहित अन्य मौजूद रहे।
खान विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि आगामी 20 मई 2026 को प्रातः 9 बजे से आर.के. मार्बल मोरवड़ परिसर में भी सिलिकोसिस स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।
