क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक में राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजनाओं को मजबूती से उठाते हुए क्षेत्र के विकास के लिए दो महत्वपूर्ण रेल कनेक्टिविटी प्रस्तावों पर जोर दिया। बैठक में जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, महाप्रबंधक अमिताभ जी, उप महाप्रबंधक शशांक जी, विधायकगण, समिति सदस्य एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने बैठक में कुंवारिया-भीलवाड़ा वाया गंगापुर नई रेल लाइन की मांग को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि यह परियोजना राजसमंद को सीधे भीलवाड़ा से जोड़कर क्षेत्र की औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन संभावनाओं को नई दिशा देगी। इस रेल लाइन के बनने से मेवाड़ क्षेत्र का अन्य राज्यों से रेल संपर्क और अधिक सशक्त होगा, साथ ही यात्रियों के समय और दूरी दोनों में कमी आएगी।

इसके साथ ही सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने फिर से देवगढ़ मदारिया से हरिपुर (बर) तक नई रेल लाइन परियोजना को भी मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन केवल एक नई कनेक्टिविटी नहीं, बल्कि मेवाड़ को सीधे मारवाड़ से जोड़ने वाला विकास का नया सेतु साबित होगी। इस परियोजना से देवगढ़, नाथद्वारा, राजसमंद सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएं केवल रेल लाइन नहीं, बल्कि राजसमंद और मेवाड़ के समग्र विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि इन विषयों को लेकर वे लगातार रेलवे मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के समक्ष फॉलोअप कर रही हैं ताकि इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति और धरातल पर क्रियान्वयन मिल सके।
उन्होंने कहा कि राजसमंद की जनता को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास से जुड़े हर मुद्दे को वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेंगी।
