ब्रेकिंग

ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास हेतु 55 दिवसीय आवासीय कमर्शियल ड्राइवर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

436667

ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में नाबार्ड द्वारा प्रायोजित 55 दिवसीय आवासीय एचएमवी (भारी मोटर वाहन) कमर्शियल ड्राइवर प्रशिक्षण कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ अशोक लेलैंड वाहन चालक प्रशिक्षण संस्थान, रेलमगरा में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित भारी वाहन संचालन का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन नाबार्ड राजसमंद के डीडीएम आशीष जैन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर एएलडीएम एसबीआई ऋतु अग्रवाल, एफएलसी एसबीआई सुरेश उपाध्याय, बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर दिलीप सिंह तथा संस्थान प्रमुख संजय गौतम सहित स्थानीय बैंकर, गणमान्य नागरिक, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि आशीष जैन ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। नाबार्ड द्वारा संचालित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अनुशासन एवं गंभीरता के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने बैंकिंग योजनाओं, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार एवं सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित चालक न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि समाज एवं अन्य यात्रियों की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। युवाओं को नशामुक्त एवं सुरक्षित वाहन संचालन अपनाने का संदेश भी दिया गया।

 

संस्थान प्रमुख संजय गौतम ने बताया कि 30 प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित यह 55 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने पर केंद्रित है। प्रशिक्षण के अंतर्गत भारी वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, वाहन की तकनीकी जानकारी, प्राथमिक उपचार, व्यवहारिक ड्राइविंग तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की व्यावसायिक दक्षता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की शपथ भी दिलाई गई। अतिथियों ने संस्थान द्वारा संचालित कौशल विकास गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताया।

कार्यक्रम का संचालन महेश चौधरी द्वारा किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *