राजसमंद में वन विभाग ने अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन विभाग के रेंज गश्ती दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए पंचमेल गीली लकड़ियों का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रक और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। इसके साथ ही मौके से ट्रैक्टर और उसके ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई राजसमंद डीएफओ (DFO) डॉ. रामानंद भाकर के कुशल निर्देशन में अंजाम दी गई।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने ट्रक (नंबर RJ 14 GT 6928) और एक ट्रैक्टर (नंबर RJ 30 RA 8388) को पंचमेल गीली लकड़ियों से भरा हुआ पाया, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली रेंज गश्ती दल की टीम में रेंजर सत्यानंद गरासिया, हेमंत नागदा, महेंद्र सिंह और पन्नालाल कुमावत मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनकी सजगता के कारण ही पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले इस अवैध कारोबार पर लगाम कसी जा सकी है।
