राजसमंद में किरण माहेश्वरी स्मृति मंच द्वारा आयोजित “राइजिंग स्टार्स ऑफ राजसमंद प्रतिभा सम्मान समारोह” का पंचम संस्करण अभूतपूर्व सफलता के साथ संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस उत्सवपूर्ण आयोजन में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समारोह की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 में 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले 100 विद्यालयों के 1572 मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित “किरण माहेश्वरी उत्कृष्टता सम्मान” से अलंकृत किया गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने इस प्रेरणादायी आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री अरुण सिंह उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के साथ किरण स्मृति मंच की संयोजिका एवं राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी तथा राज्यसभा सांसद श्री चुन्नीलाल गरासिया ने विद्यार्थियों को रुचि, एकाग्रता एवं परिश्रम के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं को असफलता से हताश न होकर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास से होकर गुजरता है।
समारोह का विशेष आकर्षण लॉटरी द्वारा चयनित 10 भाग्यशाली विद्यार्थियों को दिए गए विशिष्ट पुरस्कार रहे। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एमडी की छात्रा हर्षिता कुंवर चौहान को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 43 इंच का एलईडी टीवी प्रदान किया गया। द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कांकरोली की रिद्धिमा सेठ तथा ऑरेंज काउंटी स्कूल गोविंद के आयुष व्यास को 32 इंच एलईडी टीवी दिया गया। इसके अतिरिक्त, तोषल साहू, जसवंत रेगर, भक्ति अरोड़ा, अंजली माली, योगेंद्र सिंह टांक, प्रियांशी खींची एवं खुशी जाट को सांत्वना पुरस्कार के रूप में स्मार्ट वॉच प्रदान की गई।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि यह आयोजन स्वर्गीय किरण माहेश्वरी की शिक्षा के माध्यम से समाज के उत्थान की भावना को जीवंत रखने का एक विनम्र प्रयास है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरों पर दिखा हर्ष एवं उत्साह इस बात का प्रमाण था कि राजसमंद को अपने राइजिंग स्टार्स पर गर्व है। सेल्फी पॉइंट पर विधायक के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए विद्यार्थियों में उत्साह चरम पर रहा।
