12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ रमेश मीणा, सहायक निदेशक गिरिराज शर्मा, नोडल अधिकारी विनोद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिला कलक्टर ने सभी राजकीय कार्यालयों के विभागाध्यक्षों को कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारियों को ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन, नगरीय निकायों से समन्वय स्थापित करने तथा ऐतिहासिक स्थलों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करवाने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद राजसमंद को नौ चौकी पाल स्थित मुख्य आयोजन स्थल पर सफाई, मंच, टेंट, ध्वनि व्यवस्था, प्रकाश, एलईडी, पेयजल, चल शौचालय, जनरेटर, लगभग दो हजार प्रतिभागियों के लिए कारपेट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजसमंद झील में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम के लिए एनडीआरएफ टीम एवं नौकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। 12 जून को आयोजित होने वाले योग काउंटडाउन कार्यक्रम के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को जिला स्तरीय कार्यक्रम में कम से कम 20 दिव्यांगजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने, महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं सहयोगिनियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को अधिकारियों, कार्मिकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा एएनएम प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा विभाग को योग स्थलों पर चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने तथा ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समितियों के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजन में सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खेल एवं युवा विभाग को राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी, स्काउट-गाइड, खेल संघों एवं खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मेरा युवा भारत को युवा मंडलों एवं युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को सभी राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जिला स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 500 विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। उच्च शिक्षा विभाग को महाविद्यालयों, राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिस विभाग को जिला स्तरीय कार्यक्रम में 200 जवानों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को योग दिवस से संबंधित गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में इंडियन योग एसोसिएशन, गायत्री शक्ति पीठ, आर्ट ऑफ लिविंग, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद, क्रीड़ा भारती, पतंजलि योग पीठ एवं ब्रह्मकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों से भी अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षित योग स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। नोडल विभाग आयुर्वेद को सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयावधि में समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करने एवं अतिथियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लेते हुए बैठक का समापन किया गया।
