ब्रेकिंग

सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

801719

जिला कलेक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा राजसमंद की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक, एनएचएआई से प्रोजेक्ट हेड जयनंदन मिश्रा, पीडबल्यूडी एसई आर एल मेहता, डीटीओ राघव शर्मा, पीडबल्यूडी अधिशासी अभियंता हीरालाल सालवी, चिकित्सा अधिकारी डॉ राष्ट्र सहना आजाद सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सदस्य सचिव मेहता द्वारा गत 21 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा सड़क सुरक्षा रिपोर्ट 2026-27 पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिला कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति हसीजा ने ई-डार पर उपलब्ध सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का निरंतर विश्लेषण एवं अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चालकों एवं सवारों की दुर्घटनाओं में सिर पर चोट प्रमुख कारणों में सामने आ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में हेलमेट प्रवर्तन को प्राथमिकता देते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से नियमित जांच एवं कार्रवाई की जाए तथा आगामी बैठकों में इसकी सांख्यात्मक प्रगति प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने जिला स्तर पर संयुक्त निरीक्षण दल गठित कर वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले, ओवर स्पीडिंग, बिना नंबर प्लेट वाहन एवं बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध रूप से मार्बल डस्ट एवं पाउडर का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच कर उनके विरुद्ध पुलिस, प्रदूषण बोर्ड, उद्योग विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पीएमएस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं पुलिस विभाग को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की सूचना टीएमएस-2.0 पोर्टल पर अद्यतन करते हुए योजना के माध्यम से तत्काल उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने आगामी माह में अधिक से अधिक दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने तथा भुगतान संबंधी आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

ई-डार पर नियमित रूप से संबंधित विवरण एवं साइट रिपोर्ट अद्यतन करने तथा एनएचएआई पीएम राहत योजना के पोर्टल पर की गई कार्रवाई से समिति अध्यक्ष को नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के साथ ही जिले में संचालित अनाधिकृत रूप से संशोधित बसों, ओवरलोडिंग एवं अनधिकृत संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग, जिला परिवहन अधिकारी एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजमार्गों पर 24×7 एम्बुलेंस की उपलब्धता, प्रशिक्षित कार्मिकों, दवाइयों एवं जीवन रक्षक उपकरणों की उपलब्धता का सत्यापन करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।

मार्बल डस्ट एवं पाउडर का विधिवत ढंककर परिवहन नहीं करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी संबंधित विभागों को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा रिपोर्ट 2026-27 की समीक्षा के दौरान सामने आया कि भीम एवं देवगढ़ क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही जिले में सायंकाल 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा दोपहिया वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *