विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, वन एवं पर्यावरण विभाग तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में 5 जून, शुक्रवार प्रातः “रन फॉर एनवायरमेंट” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के संरक्षण में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

रन फॉर एनवायरमेंट को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं एसपी हेमंत कलाल ने हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उप वन संरक्षक डॉ आर एन भाकर, एडीएम नरेश बुनकर, एसडीएम बृजेश गुप्ता, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के क्षेत्रीय अधिकारी अशोक जेलिया, एसीएफ श्रीकिशन चौधरी, एसीएफ चोखाराम जाट, तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रातः आयोजित इस जागरूकता दौड़ का शुभारम्भ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से किया गया। दौड़ नगर परिषद राजसमन्द, पुरानी कलक्ट्रेट एवं जे.के. गार्डन मार्ग से होते हुए जिला कलक्टर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने और जल, वन एवं भूमि संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। कलक्टर-एसपी द्वारा एसपी ऑफिस के बाहर पौधारोपण भी किया गया।
कलक्टर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। एसपी कलाल ने लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने का आह्वान किया।
आरओ जेलिया ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के तहत आयोजित इस दौड़ ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ युवाओं एवं आमजन में प्रकृति के प्रति जागरूकता का संचार किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं का सहयोग सराहनीय रहा। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने का संकल्प भी लिया।
