राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के सामने विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का संकल्प रखा था। आज 12 वर्षों के बाद देश में हुए व्यापक परिवर्तन उस संकल्प की सफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले भारत विकास की आकांक्षा रखता था, जबकि आज भारत विकास के परिणाम प्रस्तुत कर रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों ने देश को नई दिशा, नई गति और नई पहचान दी है।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से डिजिटल भुगतान व्यवस्था देश के दूरस्थ गांवों तक पहुंच चुकी है। आधुनिक राजमार्गों, वंदे भारत ट्रेनों, रेलवे के आधुनिकीकरण तथा नए हवाई अड्डों के निर्माण ने देश की कनेक्टिविटी को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आधार आधारित व्यवस्थाओं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भारत ने ऐतिहासिक प्रगति की है। युवाओं को रोजगार सृजन कर्ता बनने के अवसर मिले हैं तथा महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और लघु उद्यमों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। रक्षा उत्पादन और विनिर्माण क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुए प्रयासों ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को भी सुदृढ़ किया है।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि जहां पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के समय विकास की गति अक्सर नीतिगत अस्थिरता, भ्रष्टाचार और निर्णय हीनता से प्रभावित रही, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के निर्माण की यह यात्रा आने वाले वर्षों में और अधिक गति प्राप्त करेगी तथा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
