ब्रेकिंग

वंदे गंगा अभियान अंतर्गत दीपदान एवं एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम का भव्य आयोजन

469923

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचायत समिति रेलमगरा की ग्राम पंचायत खड़बामनिया में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान, एक पौधा माँ के नाम तथा दीपदान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजसमंद विधायक श्रीमती दीप्ति किरण माहेश्वरी मुख्य अतिथि रहीं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, एसडीएम बिन्दु बाला राजावत, बीडीओ मामराज मीणा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अमृत सरोवर परिसर में पीपल पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने अपनी माताजी स्वर्गीय श्रीमती किरण माहेश्वरी की स्मृति में पीपल का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दैनिक दायित्व है। उन्होंने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा जल संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विधायक निधि से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया।

अमृत सरोवर के घाट पर दीपदान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। दीपों की मनोहारी श्रृंखला ने पूरे वातावरण को भावनात्मक एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया। ग्रामवासियों ने दीप प्रज्वलित कर अमृत सरोवर के सदैव जल से परिपूर्ण रहने तथा जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकटों का समाधान जनभागीदारी से ही संभव है तथा प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के अंतर्गत जल स्रोतों की स्वच्छता, वर्षा जल संचयन, जल के सदुपयोग तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में राजीविका से प्रीति सिंह, तहसीलदार कालूसिंह राणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी गिरिराज आंजना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जसवंत जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *