ब्रेकिंग

नौचोकी पाल पर गूंजा योग का संदेश, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

491778

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष में मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित “सौ दिन, सौ कार्यक्रम, सौ स्थान” काउंटडाउन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजसमन्द की ऐतिहासिक एवं विख्यात नौचोकी पाल पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम “योगोत्सव” का आयोजन किया गया। 

जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। झील किनारे उगते सूर्य की साक्षी में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों नागरिकों, योग प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजसमन्द सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ थीं। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के मुख्य सलाहकार अनिल कुमार जायसवाल विशिष्ट अतिथि तथा क्रीड़ा भारती राजस्थान जयपुर प्रांत के सूर्य नमस्कार प्रमुख सत्यपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बृजमोहन बैरवा, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई, उपनिदेशक आयुर्वेद रमेश मीणा, डॉ. विनोद शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक गिरजाशंकर पालीवाल, आयोजन समन्वयक श्यामसिंह सिसोदिया, निलेश पालीवाल तथा गौरव जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया। इंडियन योगा एसोसिएशन राजस्थान चैप्टर के संयुक्त सचिव हिमांशु पालीवाल ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रार्थना, सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का संचालन कराया। मुख्य मंच पर योग विशेषज्ञ सत्यपाल सिंह एवं विजया वैष्णव तथा अन्य सहमंचों पर धनेश्वरी कुमावत, यशोदा बैरवा एवं बुलबुल चौधरी ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन शैली है जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का माध्यम बनती है। उन्होंने अष्टांग योग के विभिन्न आयामों की चर्चा करते हुए कहा कि योग जाति, धर्म और सम्प्रदाय से ऊपर उठकर मानवता को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग प्रदान करता है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, जल, पर्वत एवं शांत वातावरण से घिरी नौचोकी पाल पर आयोजित यह कार्यक्रम योग की मूल भावना को साकार करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों एवं नेतृत्व के कारण योग को वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व पहचान मिली है तथा आज विश्वभर में करोड़ों लोग भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वाधिक समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई भी दी।

विशिष्ट अतिथि एवं आयुष मंत्रालय भारत सरकार के मुख्य सलाहकार अनिल कुमार जायसवाल ने कहा कि योग स्वास्थ्य संवर्धन की ऐसी प्रभावी पद्धति है, जिसमें दवाओं की आवश्यकता न्यूनतम होती है। नियमित योगाभ्यास से शरीर एवं मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने बताया कि योग को खेल गतिविधियों में भी स्थान मिलना अत्यंत सुखद एवं प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम के दौरान हिमांशु पालीवाल ने मंचासीन अतिथियों को भेंट की गई सूर्य नमस्कार थीम आधारित मृण कलाकृतियों एवं योग मेट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन्हें मोलेला के स्थानीय कलाकारों तथा खादी के शिल्पकारों द्वारा तैयार किया गया है। उन्होंने जिले में योग एवं हस्तशिल्प आधारित क्लस्टर की स्थापना का सुझाव भी रखा, जिससे स्थानीय रोजगार एवं जिले की पहचान को नई दिशा मिल सके। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट उपलब्ध कराने के लिए एयू बैंक के प्रबंधक निरंजन लवानिया का भी सम्मान किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *