ब्रेकिंग

ग्रामीण सेवा शिविर बना पशुपालक परिवार के लिए सुरक्षा का संबल

510853

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण जिले के उपखण्ड कुम्भलगढ़ की ग्राम पंचायत गजपुर में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना ने एक पशुपालक परिवार को बड़ी चिंता से मुक्ति दिलाई।

ग्राम पंचायत गजपुर निवासी राधा बाई के पति मोहन लाल लोहार ने बताया कि वे एक साधारण परिवार से हैं तथा कृषि एवं पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है। उनके पास दो दूध देने वाली भैंसें हैं, जिनसे होने वाला दूध उत्पादन परिवार की नियमित आय का आधार है। हालांकि पशुओं में रोग प्रकोप अथवा दुर्घटना की आशंका के कारण पशुधन की सुरक्षा को लेकर उन्हें हमेशा चिंता बनी रहती थी। उन्होंने पशुओं का बीमा कराने के लिए विभिन्न बैंकों एवं बीमा कंपनियों के कई चक्कर लगाए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

इसी दौरान राजकीय पशु चिकित्सालय सायों का खेड़ा के प्रभारी डॉ. चुनाराम तर्ड ने उन्हें मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी दी और बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र पशुपालकों के पशुओं का निशुल्क बीमा किया जा सकता है। इसके बाद ग्राम पंचायत गजपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी दोनों भैंसों का 40-40 हजार रुपये की बीमा सुरक्षा राशि के साथ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पॉलिसी के तहत बीमा किया गया तथा मौके पर ही पॉलिसी उपलब्ध कराई गई।

बीमा पॉलिसी प्राप्त करने के बाद मोहन लाल लोहार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने पशुधन की सुरक्षा को लेकर काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पहले जहां पशु हानि की आशंका उन्हें लगातार चिंतित करती थी, वहीं अब सरकार की इस योजना से वे निश्चिंत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के लिए राज्य सरकार, पशुपालन विभाग तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *