राजसमंद राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आगरिया में कुंभलगढ़ विधायक श्री सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने 0 से 5 वर्ष तक के नन्हें-मुन्ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया तथा अभिभावकों से प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने का आह्वान किया।

विधायक श्री राठौड़ ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश है और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी कारण से अपने बच्चों को पोलियो की खुराक से वंचित न रखें तथा स्वास्थ्य विभाग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों, आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अभियान से जुड़े सभी कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण से ही यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
