ब्रेकिंग

जिला कलक्टर ने नौनिहालों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ, शत-प्रतिशत सहभागिता का किया आह्वान

550241

राजसमंद राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में व्यापक स्तर पर पल्स पोलियो अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा ने प्रातः किशोर नगर मण्डा स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में पोलियो रोधी दवा अवश्य पिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शुभारंभ कार्यक्रम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश मीणा, कार्यवाहक पीएमओ एवं आर.के. जिला चिकित्सालय के डॉ. कैलाश मीणा, प्रभारी डॉ राष्ट्र सहना आजाद, प्रभारी जिला औषधि भंडार डॉ. अनिल जैन, डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. महेंद्र खंगारोत सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार बिंदल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिलेभर में कुल 1587 पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जिनमें 1444 ग्रामीण एवं 143 शहरी क्षेत्रों में संचालित किए गए। अभियान के माध्यम से जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1 लाख 73 हजार 186 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके साथ ही जिलेभर में बूथों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने उत्साहपूर्वक सेवाएं प्रदान करते हुए अधिकाधिक बच्चों को दवा पिलाई।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान 384 हाई रिस्क क्षेत्रों, जिनमें ईंट भट्टे, निर्माणाधीन भवन, खनन क्षेत्र एवं घुमंतू समुदायों के निवास स्थल शामिल हैं, पर विशेष फोकस रखा गया। इन क्षेत्रों में निवासरत बच्चों तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के 79 सेक्टरों में 158 पर्यवेक्षक तथा 3174 वैक्सीनेटर नियुक्त किए गए। इसके अतिरिक्त 19 मोबाइल टीमें एवं 25 ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने के लिए सक्रिय रहीं।

चिकित्सा विभाग ने अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों एवं आमजन का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया। विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा अभियान के दौरान पोलियो रोधी दवा पीने से वंचित रह गया हो तो उसे निकटतम स्वास्थ्य टीम अथवा चिकित्सा संस्थान से संपर्क कर निर्धारित अवसर पर पोलियो रोधी दवा अवश्य पिलाएं, ताकि प्रत्येक बच्चा पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से आजीवन सुरक्षितरह सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *