राज्य सरकार द्वारा आमजन को स्थानीय स्तर पर राहत देने के लिए चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत सोमवार को कुंभलगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत अंटालिया में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी साक्षी पूरी, तहसीलदार गढ़बोर तोलाराम देवासी, अतिरिक्त विकास अधिकारी हीरालाल गोयल और प्रशासक मंगली भील के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही सैकड़ों ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान की।

स्वामित्व योजना के तहत 105 प्रॉपर्टी पार्सल वितरित
शिविर में भारत सरकार द्वारा आबादी क्षेत्र के मकानों के पट्टों की समस्या के स्थाई समाधान के लिए चलाई जा रही स्वामित्व योजना के तहत बड़ी राहत दी गई। भारतीय सर्वेक्षण विभाग के मार्फत ड्रोन सर्वे के बाद स्वीकृत हुए पंचायत क्षेत्र के 105 पात्र परिवारों को मौके पर ही प्रॉपर्टी पार्सल वितरित किए गए।
राजस्व एवं पंचायत राज विभाग ने दी बड़ी राहत
राजस्व विभाग द्वारा शिविर में खाता शुद्धिकरण के 10, आपसी सहमति से खाता विभाजन के 2, मौके पर राजस्व रिकॉर्ड की प्रति उपलब्ध कराने के 28, नामान्तरकरण के 10 तथा सीमा ज्ञान के 2 आवेदनों का त्वरित निस्तारण किया गया। इसके साथ ही 38 मूल निवास व जाति प्रमाण पत्र तैयार कर हाथों-हाथ ऑनलाइन किए गए। पंचायती राज विभाग द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन के 8, विवाह पंजीकरण का 1 और 5 पट्टे वितरित किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 14 पात्र व्यक्तियों के व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाभार्थियों की तृतीय किस्त जारी करने के लिए जियो टैगिंग की गई और वीबीजी राम जी के 5 नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए।
कृषि, सहकारिता और पशुपालन विभाग की गतिविधियां
कृषि विभाग द्वारा तारबंदी के 2, कृषि यंत्र के 3 और सिंचाई पाइपलाइन के 2 आवेदन ऑनलाइन किए गए। किसानों को उड़द व मूंग के 15 मिनी किट तथा 85 किसानों को कृषक जागरूकता साहित्य बांटा गया। साथ ही 25 मृदा नमूनों की जांच की गई।
सहकारिता विभाग द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि के 35 लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन किया गया। वहीं, किसान कालू सिंह को 69 हजार रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया गया।
पशुपालन विभाग द्वारा संक्रामक रोगों से बचाव के लिए 101 पशुओं का टीकाकरण और 95 बीमार पशुओं के लिए दवा वितरण किया गया। 89 पशुओं को कृमि नाशक दवा दी गई। मंगला पशु बीमा योजना के तहत 5 पॉलिसियां वितरित कर कुल 139 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया।
स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला बाल विकास की सेवाएं
चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों द्वारा शिविर में 90 रोगियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाएं दी गईं। 74 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 65 की बीपी-शुगर जांच, 12 की टीबी स्क्रीनिंग, 4 महिलाओं की एएनसी जांच और 5 बच्चों का टीकाकरण किया गया। आयुर्वेद विभाग द्वारा भी 51 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं बांटी गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के 5 और मुख्यमंत्री मातृ वंदन योजना के 4 आवेदन भरवाए गए। एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म अदा की गई। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मंजू देवी के घर प्रथम बेटी के जन्म पर तहसीलदार की उपस्थिति में केक कटवाकर खुशियां मनाई गईं।
शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा पालनहार योजना के तहत 26 बालकों को मौके पर ही अध्ययन प्रमाण पत्र जारी कर योजना का नवीनीकरण किया गया।

अन्य विभागों ने भी दी राहत
ऊर्जा विभाग ने त्रुटिपूर्ण मीटर बिल से संबंधित 11 शिकायतों का समाधान कर एक खराब ट्रांसफार्मर बदला। रोडवेज विभाग द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु के 4 वरिष्ठ नागरिकों के निःशुल्क यात्रा पास जारी किए गए। वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए 100 पौधों का वितरण किया गया। पीएचईडी द्वारा मौके पर 2 हैंडपंपों की मरम्मत करवाई गई। रसद विभाग ने राशन कार्ड से जुड़े 8 प्रकरणों का निस्तारण किया। राजीविका द्वारा भैरूनाथ स्वयं सहायता समूह के लिए 4 लाख रुपये के लोन की दो वर्षीय ऋण पत्रावली तैयार की गई और 5 नए स्वयं सहायता समूह गठित किए गए। शिविर के दौरान उपस्थित आमजन को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशा न करने की शपथ भी दिलाई गई।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी राजेश जोशी, ग्राम विकास अधिकारी रामावतार यादव, भगवान सहाय बेरवा, एलडीसी पुष्पा गोस्वामी, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, सहायक प्रशासनिक अधिकारी महिपाल सिंह, पटवारी भरत कुमार व अशोक कुमार, पीएचईडी एईएन तिलक गुर्जर, चिकित्सा अधिकारी सचिन शर्मा, सीएचओ विश्वेंद्र पुरी, प्रधानाचार्य अमर सिंह राव, सामाजिक न्याय विभाग से छगन लाल गुर्जर, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार, पशुधन निरीक्षक गोविंद यादव व विकास कुमार, सहायक कृषि अधिकारी मथुरा लाल, कृषि पर्यवेक्षक लोकेश कुमार, वनरक्षक चेतन कुमार, रोडवेज से दलपतनाथ, ऊर्जा विभाग से रामेश्वर, प्रदीप शर्मा, राजीविका से सुमन पालीवाल, बैंक मित्र मनीषा सहित जनप्रतिनिधि धर्म चंद सेन, देवीलाल, देवीसिंह एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
