ब्रेकिंग

वीर सपूत का अभिनंदन: भारतीय वायुसेना से 20 साल की सेवा के बाद लौटे गरुड़ कमांडो उदय सिंह, गांव में जश्न

579396

देलवाड़ा क्षेत्र के ग्राम झाड़सादड़ी के गौरव और श्री किशन सिंह सिसोदिया के सुपुत्र, श्री उदय सिंह सिसोदिया भारतीय वायुसेना (IAF) के प्रतिष्ठित ‘गरुड़ कमांडो’ पद से 20 वर्षों की गौरवमयी और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए हैं। देश की सीमा और आसमान की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने के बाद जब वीर सपूत अपने पैतृक गांव लौटे, तो वहां का नजारा बेहद भावुक और ऐतिहासिक हो गया।

ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर किया अभिनंदन:

इस गौरवपूर्ण अवसर पर समस्त झाड़सादड़ी ग्रामवासियों द्वारा उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। गांव की सीमा में प्रवेश करते ही पूरा माहौल ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के जोरदार नारों से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप, पुष्पमालाओं और गुलाल उड़ाकर ग्रामीणों ने अपने वीर सपूत का पलक-पावड़े बिछाकर अभिनंदन किया और उनके साहस, समर्पण व राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं उदय सिंह:

स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों और वरिष्ठ समाजसेवियों ने कहा कि उदय सिंह सिसोदिया ने भारतीय वायुसेना में दो दशकों तक अटूट निष्ठा, कड़े अनुशासन और अदम्य पराक्रम के साथ देश की सेवा की है। उन्होंने न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे देलवाड़ा क्षेत्र का नाम देश पटल पर गौरवान्वित किया है। उनका यह त्यागमय जीवन क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है, जो उन्हें राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित होने की सीख देता है।

कई गणमान्य जन रहे मौजूद:

इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह के साक्षी बनने के लिए क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां और जनप्रतिनिधि पहुंचे। जिनमें मुख्य रूप से:

अखिल भारत हिन्दु क्रान्ति सेना के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष कुंवर गणपत सिंह दुलावत, क्षत्रिय महासभा के सोहनसिंह जी दुलावत, भाजपा देलवाडा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राणावत, पूर्व एस.एम.बी. कॉलेज (नाथद्वारा) अध्यक्ष मंगल सिंह चौहान कोठारिया, नरेंद्र सिंह सिसौदिया, शंकर सिंह, महेंद्र सिंह, करण सिंह, देवी सिंह, नाहर सिंह सिसौदिया, राम सिंह सहित बड़ी संख्या में समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने कमांडो उदय सिंह सिसोदिया को शॉल और साफा ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल, दीर्घायु एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *